श्रावस्ती , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और वन विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार दो कछुओं "फ्लैपशैल" (सुन्दरी) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ककरदरी रेंज के जंगल क्षेत्र में संयुक्त गश्त के दौरान टीम ने बॉर्डर पिलर संख्या 640/9 के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को बाइक से जाते हुए रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से दो सुन्दरी कछुआ बरामद हुए। वन विभाग एवं एसएसबी द्वारा की गई पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम पंचमलाल निवासी भोजापुर, थाना व तहसील भिनगा बताया। एसएसबी ने मौके से बरामद कछुओं और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपी को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया।
वन विभाग की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह ककरदरी जंगल से कछुए पकड़कर बाइक से राप्ती बैराज की ओर ले जा रहा था और उन्हें लखीमपुर खीरी में बेचने की तैयारी थी। सूत्रों के मुताबिक इन कछुओं का सौदा करीब 40 हजार रुपये में तय किया गया था।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी ककरदरी मोहित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में रेंज केस संख्या 21/25-26 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित