श्रावस्ती , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में इकौना थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730 पर शुक्रवार को ट्रक और डीजल टैंकर की आमने-सामने टक्कर में टैंकर चालक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बलरामपुर से बहराइच की ओर जा रहे डीजल टैंकर ने भगवानपुर बनकट सरयू नहर के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक को टक्कर मार दी। इस हादसे में टैंकर चालक वाहन में ही फंस कर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान अर्जेंट कुमार सिंह (45) निवासी ग्राम सोनऊआ, थाना ऊचौलिया, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है। वह डीजल टैंकर लेकर इकौना से बहराइच की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भगवानपुर बनकट के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी टक्कर हो गई। ट्रक में परचून का सामान लदा था, जिसे गुड्डू निवासी मानकपुर, जनपद मुरादाबाद चला रहा था।

हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात प्रभावित हुआ मगर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनो को किनारे किया और यातायात बहाल किया जा सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित