अलवर , अप्रैल 16 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले में गुरुवार को श्रम एवं कारखाना एवं बॉयलर विभाग के सचिव पी.सी. किशन की अध्यक्षता में रीको गेस्ट हाउस, भिवाड़ी में औद्योगिक संगठनों एवं श्रम ठेकेदारों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भिवाड़ी क्षेत्र में व्याप्त वेतन विसंगतियों सहित श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश, उप श्रम आयुक्त प्रज्ञा शर्मा , वरिष्ठ निरीक्षक कारखाना एवं बॉयलर सहित औद्योगिक इकाइयों के पदाधिकारी एवं श्रम ठेकेदार उपस्थित रहे।
श्री किशन ने औद्योगिक इकाई प्रबंधकों को श्रमिकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और श्रम ठेकेदारों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक तत्वों द्वारा भड़काऊ गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने फैक्ट्रियों में संचालित कैंटीन व्यवस्था को सुचारु रखने, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और सभी मजदूरों को उचित चिकित्सकीय सुविधाएं देने के निर्देश भी दिए।
जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने कहा कि कोई असामाजिक तत्व मजदूरों को सोशल मीडिया अथवा किसी अन्य प्रकार से भड़काने या माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित