कोटा , अप्रैल 01 -- राजस्थान में कोटा में पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ द्वारा नये श्रम कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए बुधवार को काला दिवस मनाया गया।

मण्डल सचिव अब्दुल खालिक ने बताया कि सरकार द्वारा पुराने 23 श्रम कानूनों को समाहित करके चार श्रम संहिताओं को बनाया गया है जो मजदूर विरोधी हैं। 23 कानूनों को तोड़ कर केवल चार श्रम संहिता बनाने से पूरे भारत में कर्मचारीवर्ग, श्रमिक एवं मजदूरों पर संकट उत्पन्न हो गया है जिसके विरोध मे पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ ने जगह जगह विरोध प्रदर्शन किया।

कोटा मंडल की सभी शाखाओं में सक्रिय सदस्यों ने अपने-अपने कार्यालयों में एकजूट होकर श्रम कानूनों को समाहित करके बनाए गए चार श्रम संहिताओं को रद्द करने की मांग की। विरोध प्रदर्शन करके चारों श्रम कानूनों को वापस लेने की मांग की गई। कर्मचारियों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर कार्यस्थलों पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इसके साथ ही कार्यालय स्तर पर एकत्रित होकर नारेबाजी की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित