नोएडा , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा में श्रमिक आंदोलन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नोएडा पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने मुख्य साजिशकर्ता (मास्टरमाइंड) तीसरे आरोपी आदित्य आनंद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक लाख रूपये का इनाम घोषित था और वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
शनिवार को पुलिस ने यह जानकारी दी कि, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देशन और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के पर्यवेक्षण में की गई। जांच में सामने आया था कि श्रमिक धरना-प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ गतिविधियों और हिंसा को अंजाम देने में आदित्य आनंद की अहम भूमिका थी। उसे इस पूरे प्रकरण का मुख्य मास्टरमाइंड माना गया।
घटना के संबंध में नोएडा फेस दो थाना में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिसके चलते पुलिस ने उसकी तलाश में कई राज्यों में दबिश दी। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी साधनों का भी सहारा लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित