जयपुर , दिसम्बर 30 -- मसालों का कारोबार करने वाली कंपनी श्याम धनी इंडस्ट्रीज़ का शेयर मंगलवार को 90 प्रतिशत उछाल के साथ 133 रुपये पर बाजार में सूचीबद्ध हुआ। इसे एनएसई इमर्ज पर सूचीबद्ध कराया गया है।
कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रामावतार अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार को कारोबार के पहले दिन बाजार खुलते ही यह शेयर 139.65 रुपये तक चला गया था। श्याम धनी इंडस्ट्रीज़ ने प्राथिमिक 65-70 रुपये मूल्य के दायरे में 54 लाख 98 हजार शेयरों की बिक्री की पेशकश की थी। इससे 38.49 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य था।
यह आईपीओ निवेशकों के लिए 22 से 24 दिसम्बर तक खुला था और इसमें 918 गुना अभिदान मिला। कंपनी का कहना है कि एनएसई इमर्ज पर यह एक रिकार्ड है। श्री अग्रवाल के पिता गिरीधारी लाल अग्रवाल ने 1955 में इस उद्योग की नींव रखी थी।कंपनी मुख्यतः "श्याम" ब्रांड के तहत 160 से अधिक प्रकार के मसालों का निर्माण और प्रसंस्करण कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित