दावोस (स्विट्जरलैंड) / हैदराबाद , जनवरी 22 -- तेलंगाना सरकार के अधिकारियों ने कहा है कि श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंडिया ने राज्य में करीब सवा छह सौ करोड़ रुपये के नये निवेश से अपनी विनिर्माण क्षमताओं का विस्तार करने की योजना बनायी है।

अधिकारियों के अनुसार दावोस में चल रहे वैश्विक आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ)-2026 सम्मेलन के दौरान कंपनी के सीईओ दीपक शर्मा के साथ राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की। इस में तेलंगाना में कंपनी की विनिर्माण सुविधाओं के विस्तार पर 623 करोड़ रुपये के निवेश की उसकी प्रस्तावित योजना पर चर्चा की गयी।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाला 'तेलंगाना राइजिंग' प्रतिनिधिमंडल निवेशकों को आकर्षित करने के लिए दावोस गया हुआ है।

राज्य सरकार के अधिकारियों ने हैदराबाद में बताया कि श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंडिया तेलंगाना में गगिलपुर और शमशाबाद की विनिर्माण सुविधाओं का विस्तार करने के लिए यह राशि निवेश करेगी। इससे उनमें एयर सर्किट ब्रेकर (एसीबी), मोल्डेड केस सर्किट ब्रेकर (एमसीसीबी), कॉन्टैक्टर और पुश बटन जैसे प्रमुख इलेक्ट्रिकल सुरक्षा उत्पादों की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री रेड्डी ने कंपनी के इस प्रस्ताव पर प्रसन्नता जाहिर की है और इसे हासिल करने का श्रेय राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी और उद्योग मंत्री डी श्रीधर बाबू को दिया। मंत्री श्रीधर बाबू ने कहा है कि तेलंगाना उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स, दूरसंचार हार्डवेयर, औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत इलेक्ट्रॉनिक प्रणालियों सहित इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के लिए भारत के सबसे तेजी से बढ़ते केंद्रों में से एक के रूप में उभरा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित