श्रीगंगानगर , जनवरी 22 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में लायंस क्लब द्वारा शौर्य चक्र से सम्मानित शहीद मेजर भूपेंद्र सिंह की 23वीं शहीदी दिवस के अवसर पर एक विशेष स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यह यादगार शाम 'शहीदों के नाम' नाम से पी ब्लॉक स्थित मेजर भूपेंद्र सिंह सर्किल पर शुक्रवार शाम को होगी। क्लब के अध्यक्ष अमन प्रदीप सिंह काहलों ने गुरुवार को बताया कि यह कार्यक्रम देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और उनके बलिदान की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रयास है। श्री काहलों ने बताया कि कार्यक्रम शुक्रवार शाम ठीक पांच बजे प्रारंभ होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधायक जयदीप बिहानी उपस्थित रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि बलदेव सिंह बराड़ और राजवंत सिंह चहल होंगे। उल्लेखनीय है कि राजवंत सिंह चहल शहीद मेजर हरबंस सिंह चहल के पुत्र हैं। वह खुद एक वीर सैनिक की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान शौर्य चक्र विजेता मेजर भूपेंद्र सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी। उनके जीवन, साहसिक कारनामों और देश की रक्षा में दिये गये सर्वोच्च बलिदान की पूरी कहानी को उपस्थित लोगों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मेजर भूपेंद्र सिंह ने अपनी वीरता से न केवल सेना में एक मिसाल कायम की, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित