भोपाल , फरवरी 12 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शोध केवल अकादमिक गतिविधि नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की दिशा बदलने वाली शक्ति है। शोध ऐसा होना चाहिए जो नई दृष्टि और नई दिशा प्रदान कर सबकी सोच बदल दे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को विज्ञान भवन में दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय शोधार्थी समागम-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विज्ञान के विकास में ही देश का समग्र विकास निहित है और मध्यप्रदेश को शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शोध की परंपरा समग्र कल्याण पर आधारित रही है, एकल शोध पर नहीं। शोध समाज आधारित होना चाहिए, जिसमें राष्ट्रहित सर्वोपरि हो। उन्होंने शोधार्थियों से आह्वान किया कि वे परंपरागत सीमाओं से आगे बढ़कर नवीन वैज्ञानिक दृष्टि के साथ अनुसंधान करें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान की रिसर्च फेलोशिप के पोस्टर और वेबसाइट का विमोचन किया। साथ ही संस्थान द्वारा प्रकाशित सात पुस्तकों का लोकार्पण किया। उन्होंने "महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम" वेबसाइट, महाकाल ब्रोशर तथा 41वें मध्यप्रदेश युवा वैज्ञानिक सम्मेलन एवं विज्ञान उत्सव के पोस्टर का भी विमोचन किया।
समागम में देशभर से आए शोधार्थियों, शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने सहभागिता की। 14 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में शोध, विज्ञान और नवाचार के विभिन्न आयामों पर विमर्श होगा।
कार्यक्रम में आचार्य मिथलेशनंदिनीशरण महाराज, वरिष्ठ चिंतक सुरेश सोनी, भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष प्रो. मधुकर एस. पड़वी, उच्च शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार सहित अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने विज्ञान भवन परिसर में पौधरोपण भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित