मुंबई , मार्च 19 -- अमेरिकी फेडरल रिजर्व के रेपो दर को स्थिर रखने के फैसले से निराश निवेशकों की बिकवाली के कारण घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को भारी गिरावट देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 2,496.89 अंक (3.26 प्रतिशत) लुढ़ककर पिछले साल नौ अप्रैल के बाद के निचले स्तर 74,207.24 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 775.65 अंक टूटकर 23,002.15 अंक पर आ गया। यह 11 अप्रैल 2025 के बाद का इसका निचला स्तर है। शेयर बाजारों में तीन दिन बाद फिर एक बार बिकवाली हावी रही है।

अमेरिकी केंद्रीय बैंक ने बुधवार को समाप्त दो दिवसीय बैठक में नीतिगत दरों को 3.5 प्रतिशत से 3.75 प्रतिशत के बीच स्थिर रखने का फैसला किया। इससे अमेरिका के साथ एशिया और यूरोप के शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट आयी।

सेंसेक्स की शुरुआत ही 1,953 अंक टूटकर 74,751 अंक पर हुई। हालांकि खुलने के तुरंत बाद यह ऊपर 75,354 अंक तक गया, लेकिन धीरे-धीरे इसका ग्राफ फिर नीचे की ओर उतरता गया। इसका निचला स्तर 73,951 अंक रहा। निफ्टी का ग्राफ भी इसी तरह का रहा।

बाजार में बिकवाली को जोर इस कदर रहा कि सभी सूचकांक और सभी सेक्टर लाल निशान में बंद हुए। मझौली कंपनियों का मिडकैप-50 सूचकांक 3.29 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.94 प्रतिशत गिर गया।

एनएसई में ऑटो सेक्टर का सूचकांक चार प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गया। वित्त, बैंकिंग, आईटी, धातु और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में तीन फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही। सबसे कम 1.98 प्रतिशत की गिरावट तेल एवं गैस सेक्टर के सूचकांक में देखी गयी।

एनएसई में 3,306 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,677 के शेयर टूट गये और 532 के हरे निशान में रहे। अन्य 97 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियों के शेयर आज नीचे बंद हुए। इटरनल में सबसे अधिक 5.65 प्रतिशत की गिरावट रही। बजाज फाइनेंस का शेयर 5.41 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 5.25, एचडीएफसी बैंक का 5.13, एलएंडटी का 4.72, इंडिगो का 4.66, बजाज फिनसर्व का 4.47 और ट्रेंट का 4.32 प्रतिशत गिर गया।

अल्ट्राटेक सीमेंट में 3.87 प्रतिशत, एक्सिस बैंक और इंफोसिस दोनों में 3.69, मारुति सुजुकी में 3.55, टीसीएस में 3.47, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 3.39, एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा दोनों में 3.36, अडानी पोर्ट्स में 3.30 और आईसीआईसीआई बैंक में 3.04 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी।

हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर 2.75 प्रतिशत, बीईएल का 2.64, टाइटन का 2.49, टाटा स्टील का 2.43, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.98, आईटीसी का 1.97, सनफार्मा का 1.93, भारतीय स्टेट बैंक का 1.92, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.64, भारती एयरटेल का 1.41, एनटीपीसी का 1.20 और पावरग्रिड का 0.72 प्रतिशत फिसल गया।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 3.38 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 2.02 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.77 प्रतिशत लुढ़क गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 2.36 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 2.16 प्रतिशत नीचे था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित