मुंबई , अप्रैल 15 -- अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फिर शुरू होने की उम्मीद में घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी लौट आयी और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पांच सप्ताह बाद 78 हजार अंक के पार बंद हुआ।

सेंसेक्स में पूरे दिन अच्छी तेजी रही। अंत में यह 1,263.67 अंक (1.64 प्रतिशत) चढ़कर 10 मार्च के बाद के उच्चतम स्तर 78,111.24 अंक पर रहा। सूचकांक पांच सप्ताह बाद पहली बार 78 हजार अंक से ऊपर बंद हुआ है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 388.65 अंक यानी 1.63 प्रतिशत की बढ़त में 24,231.30 अंक पर पहुंच गया। यह इसका भी पांच सप्ताह का उच्चतम स्तर है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ पाकिस्तान में शांति वार्ता दो दिन में फिर शुरू हो सकती है। इससे निवेशकों में उत्साह देखा गया।

चौतरफा लिवाली से सभी सूचकांकों और सभी सेक्टरों में तेजी रही। मझौली कंपनियों का निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.29 प्रतिशत और छोटी कंपनियों का निफ्टी स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.35 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, आईटी, रियलटी, तेल एवं गैस, रसायन और मीडिया समूहों के सूचकांक दो से तीन प्रतिशत के बीच चढ़े। ऑटो, वित्त, एफएमसीजी, धातु, फार्मा, बैंकिंग और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक मजबूत हुए।

एनएसई में कुल 3,358 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,836 के शेयरों में तेजी और 438 में गिरावट देखी गयी। अन्य 84 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से 28 के शेयर हरे निशान में रहे। इंडिगो में सबसे अधिक 4.63 प्रतिशत की तेजी रही। इटरनल का शेयर 4.36 प्रतिशत, पावरग्रिड का 4.11, अडानी पोर्ट्स का 3.39, टेक महिंद्रा का 3.33, टीसीएस का 3.31, एलएंडटी का 3.08 और एशियन पेंट्स का तीन प्रतिशत की बढ़त में रहा।

कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 2.71 फीसदी, सनफार्मा का 2.70, ट्रेंट का 2.61, अल्ट्राटेक सीमेंट का 2.35, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.26, इंफोसिस का 2.18 और बजाज फिनसर्व का 2.04 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

एचडीएफसी बैंक में 1.97 फीसदी, टाइटन में 1.95, एनटीपीसी में 1.68, बजाज फाइनेंस में 1.62, मारुति सुजुकी में 1.58, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.50, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.36, बीईएल में 1.34, आईटीसी में 1.16, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 1.11 और टाटा स्टील में 1.09 प्रतिशत की तेजी रही। भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 0.77 प्रतिशत मजबूत हुआ। भारती एयरटेल का शेयर 0.79 फीसदी टूट गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित