मुंबई , मार्च 24 -- विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स डेढ़ हजार अंक से ज्यादा की बढ़त में खुला।
सेंसेक्स की शुरुआत पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 1,516.08 अंक ऊपर 74,212.47 अंक पर हुई। खबर लिखे जाते समय यह 830.14 अंक (1.4 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 73,526.53 अंक पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 365.80 चढ़कर 22,878.45 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 269.90 अंक यानी 1.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ 22,782.55 अंक पर रहा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर पांच दिन के लिए हमले टालने की घोषणा से अमेरिकी और यूरोपीय बाजार कल हरे निशान में बंद हुए। भारतीय शेयर बाजारों पर इसका असर आज देखा गया है।
घरेलू शेयर बाजारों में लिवाली चौतरफा रही।ऑटो, बैंकिंग, वित्त, धातु, रियलटी, स्वास्थ्य और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक ज्यादा बढ़त में रहे।
सेंसेक्स की बढ़त में एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इटरनल और महिंद्रा एंड महिंद्रा का योगदान अधिक रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित