मुंबई , जनवरी 28 -- घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स 487.20 अंक (0.60 प्रतिशत) चढ़कर 82,344.68 अंक पर पहुंच गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 167.35 अंक यानी 0.66 फीसदी की बढ़त में 25,342.75 अंक पर बंद हुआ।
मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.65 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.26 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
तेल एवं गैस, धातु, रसायन, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, रियलटी, मीडिया, ऑटो और आईटी सेक्टरों के सूचकांक बढ़त में रहे। एफएमसीजी, फार्मा और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक फिसल गये।
सेंसेक्स की कंपनियों में बीईएल का शेयर नौ फीसदी के करीब मजबूत हुआ। इटरनल में पांच प्रतिशत से अधिक और बजाज फाइनेंस तथा पावरग्रिड में दो प्रतिशत से ज्यादा की तेजी रही। ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, टीसीएस, अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फिनसर्व के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच चढ़े।
टेक महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एनटीपीसी, आईटीसी, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर हरे निशान में रहे।
एशियन पेंट्स का शेयर चार प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। मारुति सुजुकी में सवा दो प्रतिशत से ज्यादा, सनफार्मा में दो प्रतिशत के करीब और इंफोसिस में एक प्रतिशत की गिरावट रही। भारती एयरटेल, टाइटन, हिंदुस्तान यूनीलिवर और इंडिगो के शेयर भी नीचे रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित