मुंबई , जनवरी 29 -- घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को शुरुआती गिरावट के बाद तेजी देखी गयी और प्रमुख सूचकांक लगातार तीसरे दिन हरे निशान में बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 221.69 अंक (0.27 प्रतिशत) चढ़कर 82,566.37 अंक पर पहुंच गया। यह 19 जनवरी के बाद का उच्चतम स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 76.15 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की बढ़त में 25,418.90 अंक पर रहा।

सेंसेक्स में आज 982 अंक का बड़ा उतार-चढ़ाव देखा गया। यह 24 अंक की बढ़त के साथ खुला और खुलते ही लाल निशान में चला गया। हालांकि संसद में वित्त वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश होने के बाद बाजार में तेजी लौट आयी। एक समय यह 637 अंक टूटकर नीचे 81,707.94 अंक तक उतर गया था। बाद में 82,689.96 अंक तक चढ़ा।

मझौली और छोटी कंपनियों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक और स्मॉलकैप 100 सूचकांकों में 0.20 प्रतिशत की समान मजबूती दर्ज की गयी।

धातु, निजी बैंकिंग, रियलटी और तेल एवं गैस क्षेत्रों की कंपनियों में लिवाली का जोर रहा। वहीं, एफएमसीजी, आईटी, ऑटो, फार्मा, सार्वजनिक बैंकों, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों की कंपनियों में बिकवाली हावी रही।

एनएसई में कुल 3,303 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,379 के शेयरों में तेजी और 1,821 में गिरावट रही। अन्य 103 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 17 के शेयर लाल निशान में रहे। टाटा स्टील का शेयर 4.41 प्रतिशत चढ़ गया। एलएंडटी में 3.66 फीसदी, एक्सिस बैंक में 3.32, इटरनल में 3.28, एनटीपीसी में 2.84 और अडानी पोर्ट्स में 2.48 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक में 1.22 प्रतिशत की तेजी रही। भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, पावरग्रिड और टेक महिंद्रा के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।

एशियन पेंट्स में 3.75 प्रतिशत की गिरावट रही। इंडिगो का शेयर 2.65 प्रतिशत, मारुति सुजुकी का 2.54, बीईएल का 1.96, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.83, टीसीएस का 1.68, सनफार्मा का 1.29, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.21 और ट्रेंट का 1.04 प्रतिशत टूटा। टाइटन, आईटीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।

वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 0.51 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.16 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.03 प्रतिशत टूट गया। यूरोपीय बाजारों में जर्मनी का डैक्स 1.01 फीसदी नीचे और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.93 प्रतिशत ऊपर था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित