मुंबई , फरवरी 27 -- चौतरफा बिकवाली के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गये।

बीएसई का संवेदी सूचकाकं सेंसेक्स 961.42 अंक (1.17 प्रतिशत) गिरकर 81,287.19 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) की निफ्टी-50 सूचकांक भी 317.90 अंक यानी 1.25 प्रतिशत नीचे 25,178.65 अंक पर रहा। यह दोनों सूचकांकों का लगभग चार सप्ताह का निचला स्तर है।

बाजार में यह गिरावट सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़े जारी होने से ठीक पहले दर्ज की गयी। सरकार द्वारा जारी आंकड़ों में चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रहने का अनुमान है। साथ ही, पूरे वित्त वर्ष के लिए जारी दूसरे अग्रिम अनुमान में जीडीपी के 7.6 प्रतिशत बढ़ने की संभावना जतायी गयी है।

शेयर बाजारों में आईटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और मीडिया समूहों को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में बिकवाली हावी रही। रियलटी, ऑटो, एफएमसीजी, धातु, फार्मा, बैंकिंग, स्वास्थ्य और रसायन समूहों पर अधिक दबाव रहा।

मझौली और छोटी कंपनियों में भी गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.06 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.10 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

एनएसई में आज 3,236 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,992 के शेयर लाल निशान में और 1,139 के हरे निशान में रहे। अन्य 105 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की कंपनियों में सनफार्मा का शेयर 2.61 प्रतिशत गिर गया। भारती एयरटेल में 2.53 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.42, बजाज फिनसर्व में 2.38, इंडिगो में 2.32, मारुति सुजुकी में 2.26 और कोटक महिंद्रा बैंक में 2.18 प्रतिशत की गिरावट रही।

अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 1.96 फीसदी, अडानी प्रोर्ट्स का 1.92, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.90, आईसीआईसीआई बैंक का 1.85, बजाज फाइनेंस का 1.60, पावरग्रिड का 1.57, टाटा स्टील का 1.46, आईटीसी का 1.45, एचडीएफसी बैंक का 1.27 और बीईएल का 1.01 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टीसीएस, टेक महिंद्रा और टाइटन के शेयर भी लाल निशान में रहे।

एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 1.22 प्रतिशत और ट्रेंट का 1.10 प्रतिशत की बढ़त में रहा। इंफोसिस का शेयर 0.82 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में तेजी रही। एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 0.95 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.39 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.16 प्रतिशत की बढ़त में रहा। यूरोप में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.44 प्रतिशत और जर्मनी का डैक्स 0.06 प्रतिशत ऊपर था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित