मुंबई , जनवरी 23 -- घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को शुरुआती तेजी के बाद बिकवाली हावी रही और प्रमुख सूचकांक लगभग एक प्रतिशत गिरकर साढ़े तीन महीने के निचले स्तर पर बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 769.67 अंक (0.94 प्रतिशत) लुढ़ककर 03 अक्टूबर 2025 के बाद के निचले स्तर 81,537.70 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 241.25 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की गिरावट में 25,048.65 अंक पर आ गया जो पिछले साल 08 अक्टूबर के बाद का निचला स्तर है।
डॉलर की तुलना में रुपये के कमजोर पड़ने से शेयर बाजार में भी निवेश धारणा प्रभावित हुई। अनंतिम जानकारी के अनुसार, रुपया आज 42 पैसे टूटकर पहली बार 92 रुपये प्रति डॉलर तक उतर गया।
मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांकों ज्यादा गिरावट देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.94 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.95 प्रतिशत की गिरावट में रहा।
बाजार में चौतरफा बिकवाली देखी गयी। सभी सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में रहे। बैंकिंग, रियलटी, स्वास्थ्य, तेल एवं गैस, ऑटो, वित्त और मीडिया सेक्टरों पर दबाव अधिक रहा।
एनएसई में कुल 3,258 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,301 के शेयर टूट गये जबकि 879 में तेजी रही। शेष 78 कंपनियों के शेयर अततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 23 के शेयर गिरावट में बंद हुए। इन खबरों के बाद कि अमेरिका की अदालत में चल रहे एक मामले में अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी तथा अन्य को समन जारी किया जा सकता है, अडानी पोर्ट्स का शेयर 7.52 प्रतिशत टूट गया। इटरनल में 6.29 फीसदी, इंडिगो में 4.27, एक्सिस बैंक में 2.72, बजाज फिनसर्व में 2.26 और पावर ग्रिड में 2.06 प्रतिशत की गिरावट रही।
मारुति सुजुकी का शेयर 1.87 प्रतिशत, बीईएल का 1.84, भारतीय स्टेट बैंक का 1.80, एनटीपीसी का 1.66, बजाज फाइनेंस का 1.61, एलएंडटी का 1.30, ट्रेंट का 1.26 और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.13 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी लाल निशान में रहे।
हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर 0.92 फीसदी ऊपर बंद हुआ। टेक महिंद्रा, इंफोसिस और टीसीएस में भी तेजी रही।
वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में तेजी रही। एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 0.45 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.33 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.29 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.08 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.15 प्रतिशत ऊपर था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित