नयी दिल्ली , जनवरी 14 -- विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को उतार-चढ़ाव देखा गया और प्रमुख सूचकांक दो महीने से ज्यादा के निचले स्तर पर बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 244.98 अंक (0.29 प्रतिशत) गिरकर 83,382.71 अंक पर आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 66.70 अंक यानी 0.26 प्रतिशत उतरकर 25,665.60 अंक पर रहा। यह दोनों सूचकांकों का सात नवंबर 2025 के बाद का निचला स्तर है।

इससे पहले शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी-50 में उतार-चढ़ाव रहा। बीच कारोबार में सेंसेक्स ऊपर 83,809.98 अंक और नीचे 83,185.20 अंक तक गया।

आशिका स्टॉक ब्रोकिंग ने कहा कि कुल मिलाकर बाजार में एक निश्चित दायरे में कारोबार हुआ और उतार-चढ़ाव के जोखिमों के कारण निवेशकों ने सतर्कता बरती है, विशेषकर यह देखते हुए कि गुरुवार को बाजार बंद रहेंगे।

दिग्गज कंपनियों के विपरीत मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने लिवाली की। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.12 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.67 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

आईटी, ऑटो, एफएमसीजी, फार्मा, रियलटी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों की कंपनियों पर दबाव अधिक रहा। वहीं, धातु और सार्वजनिक बैंकिंग सेक्टरों में जबरदस्त तेजी देखी गयी। तेल एवं गैस, स्वास्थ्य और वित्तीय क्षेत्रों की कंपनियों के सूचकांक भी हरे निशान में रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 18 के शेयर लाल निशान में और अन्य 12 के हरे निशान में बंद हुए। एशियन पेंट्स में सबसे अधिक 2.39 प्रतिशत की गिरावट रही। टीसीएस का शेयर 2.30 फीसदी टूट गया। मारुति सुजुकी का शेयर 1.72 प्रतिशत, सनफार्मा का 1.69, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.53, टेक महिंद्रा का 1.52, आईसीआईसीआई बैंक का 1.28, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.27 और एचडीएफसी बैंक का 1.20 प्रतिशत टूट गया। एलएंडटी, इंडिगो, टाइटन, बजाज फिनसर्व और टाइटन के शेयर भी लाल निशान में रहे।

टाटा स्टील में 3.70 प्रतिशत से अधिक तेजी दर्ज की गयी। एनटीपीसी का शेयर भी 3.34 प्रतिशत और एक्सिस बैंक का 2.90 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.83 फीसदी, इटरनल में 1.60 फीसदी और बीईएल में 1.11 फीसदी की तेजी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर भी हरे निशान में बंद हुआ।

विदेशों में मिलाजुला रुख रहा। एशिया में जापान का निक्केई 1.48 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.56 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.31 प्रतिशत की गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.40 फीसदी नीचे और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.30 फीसदी ऊपर बंद हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित