पटना , अप्रैल 29 -- बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की विशेष टीम और शेखपुरा जिला पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए बरबीघा थानाक्षेत्र के नासरातपुर गांव में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
राज्य पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पकड़े गए साइबर अपराधियों की पहचान राकेश कुमार यादव, संदीप कुमार और सिटी कुमार रूप में की गई है। उनके पास से 14 मोबाइल फोन और 11 एटीएम कार्ड बरामद किये गये हैं।सभी अपराधी बरबीघा के ही रहने वाले हैं।
इस मामले में शेखपुरा साइबर थाना में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इन साइबर अपराधियों के खिलाफ धारा- 318(2), 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2), 3(5) एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसटीएफ और शेखपुरा पुलिस ने पकड़े गए इन साइबर अपराधियों का आपराधिक इतिहास खंगालना शुरू कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित