पटना , फरवरी 20 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने शुक्रवार को सदन में कहा कि शून्यकाल के दौरान मुद्दे उठाने के लिए विधायकों से अब सिर्फ ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किये जायेंगे।

श्री कुमार ने आज सदन में कहा कि शून्य काल मे मुद्दे उठाने के तौर तरीके पूर्ववत रहेंगे और सिर्फ कागजी आवेदन के तरीके को बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि शून्यकाल में सवाल पूछने की अनुमति अब सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था 23 फरवरी से लागू होगी।

इस संबंध में विधानसभा सचिवालय की ओर से एक विज्ञप्ति जारी की गई है, जिसमे सभी विधायकों से अनुरोध किया गया है कि वे शून्यकाल में मुद्दे उठाने के लिए अपने आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही भेजें।

23 फरवरी से लागू होने वाली नई व्यवस्था के तहत कोई भी आवेदन ऑफलाइन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन नेवा पोर्टल के माध्यम से भेजे जा सकते हैं। यह पोर्टल बिहार विधानसभा की बैठक वाले दिन सुबह 9 बजे से 10 बजे तक खुला रहेगा। इस विज्ञप्ति में स्पस्ट किया गया है कि शून्यकाल में उठाए जाने वाले मुद्दे अधिकतम 50 शब्दों में लिखे जाने चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित