मुंबई , फरवरी 06 -- रुपये में रही गिरावट और विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच दोपहर बाद दिग्गज कंपनियों में हुई लिवाली से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स 266.47 अंक (0.32 प्रतिशत) ऊपर 83,580.40 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 50.90 अंक चढ़कर 25,693.70 अंक पर बंद हुआ।

बड़ी कंपनियों के विपरीत मझौली और छोटी कंपनियों में बिकावाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.36 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.27 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

एफएमसीजी सेक्टर का सूचकांक 2.27 प्रतिशत चढ़ा। निजी बैंक, रियलिटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांकों में भी तेजी रही। वहीं, निफ्टी आईटी सूचकांक 1.47 प्रतिशत लुढ़क गया। फार्मा, ऑटो, सार्वजनिक बैंकों, स्वास्थ्य और रसायन समूहों में भी गिरावट रही।

सेंसेक्स की कंपनियों में टीसीएस और टेक महिंद्रा का शेयर डेढ़ प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। अडानी पार्ट्स, एशियन पेंट्स और इटरनल के शेयर भी एक प्रतिशत से ज्यादा टूटे। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, बीईएल, भारतीय स्टेट बैंक, मारुति सुजुकी, एनटीपीसी, सनफार्मा, इंडिगो, ट्रेंट और टाटा स्टील के शेयर भी नीचे बंद हुए।

आईटीसी में पांच प्रतिशत का जबरदस्त उछाल रहा। कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर तीन प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर का ढाई प्रतिशत और भारती एयरटेल का दो प्रतिशत से अधिक चढ़ा। बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड और बजाज फिनसर्व के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच चढ़े। टाइटन, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी हरे निशान में रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित