मुंबई , मार्च 28 -- कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के ख़िलाफ 29 मार्च को होने वाले मुंबई इंडियंस (एमआई) के आईपीएल 2026 के पहले मुक़ाबले से दो दिन पहले आयोजित अनिवार्य ट्रेनिंग सत्र से जसप्रीत बुमराह, मिचेल सैंटनर और विल जैक्स नदारद रहे।

बुधवार को ईएसपीएन क्रिकइंफो ने बताया था कि बुमराह स्ट्रेंथ और कंडिशनिंग पर काम करने के लिए सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (सीओई) में हैं। बुमराह के पहला मैच खेलने की उम्मीद है लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह दल से कब जुड़ेंगे।

8 मार्च को भारत के ख़िलाफ़ टी20 विश्व कप का फ़ाइनल हारने के बाद सैंटनर ने दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ घर पर तीन टी20 में न्यूज़ीलैंड की कप्तानी की थी और अंतिम दो मुक़ाबलों के लिए उन्हें ब्रेक दिया गया था। भारत के ख़िलाफ़ सेमीफ़ाइनल खेलने वाले इंग्लैंड के दल में जैक्स मौजूद थे और इसके बाद वह दल के साथ चार्टर विमान में इंग्लैंड के लिए रवाना हो गए थे। अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है कि सैंटनर और जैक्स भारत पहुंचे हैं या नहीं।

रविवार के मुक़ाबले से पहले एमआई और केकेआर दोनों ने वानखेड़े स्टेडियम में अभ्यास किया। एमआई से रोहित शर्मा ने सबसे पहले नेट्स पर स्ट्राइक लिया, एक घंटे से ज़्यादा की बल्लेबाज़ी में उन्होंने तेज़ गेंदबाज़ी का विशेष तौर पर सामना किया। शार्दुल ठाकुर और हार्दिक पंड्या ने उन्हें जमकर गेंदबाज़ी की, जिसमें काफ़ी शॉर्ट पिच गेंदें शामिल थीं। हार्दिक ने लगभग एक घंटे की गेंदबाज़ी के साथ ही बल्लेबाज़ी में भी हाथ आजमाए।

एमआई के लिए बड़ा सवाल सलामी जोड़ी को लेकर है कि रोहित के साथ रायन रिकल्टन और क्विंटन डी कॉक में से कौन पारी की शुरुआत करेगा। दोनों दक्षिण अफ़्रीकी विकेटकीपर बल्लेबाज़ अभ्यास सत्र में मौजूद थे। रिकल्टन ने रोहित के साथ बल्लेबाज़ी करने के अलावा विकेटकीपिंग का भी अभ्यास किया जबकि डी कॉक ने फ़ील्डिंग का अभ्यास किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित