पटना , दिसंबर 28 -- पटना जिले में शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुये जिला प्रशासन ने पटना सदर, फुलवारी शरीफ, दानापुर समेत सभी अंचलों में पटना जंक्शन, पीएमसीएच, राजेंद्र नगर टर्मिनल, सगुना मोड़, खगौल स्टेशन और सचिवालय समेत कुल 255 चिन्हित स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की है।
गरीब और आश्रय विहीन लोगों के लिये नगर निगम की ओर से न्यू सचिवालय गेट नंबर-3, शेखपुरा मोड़, हड़ताली मोड़, मछली मार्केट समेत 26 स्थानों पर स्थायी और अस्थायी रैन बसेरा संचालित किये जा रहे हैं। अब तक 11,913 लोगों ने इन आश्रय स्थलों का लाभ लिया है, जबकि रविवार को 561 लोगों ने यहां शरण ली।
जिला प्रशासन ने आम जनता से शीतलहर और पाला की स्थिति में आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी 'क्या करें, क्या न करें' दिशा- निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र पटना (0612-2210118), आपदा प्रबंधन विभाग के टोल फ्री नंबर- 1070 या स्वास्थ्य विभाग की हेल्पलाइन- 104 पर संपर्क किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित