मुनि की रेती/देहरादून , फरवरी 26 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद अंतर्गत और देहरादून सीमा से लगे मुनि की रेती स्थित श्याम कृष्ण पंवार सरस्वती शिशु मंदिर के वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में गुरुवार को पहुंचे वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने विभिन्न शैक्षिक संसाधनों के लिए विधायक निधि से 11 लाख रुपए देने की घोषणा की।
प्रबंधन की ओर से इसके लिए दस लाख रूपये की अपेक्षा की गई थी। श्री उनियाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया, जबकि विद्यार्थियों ने एवं सरस्वती वंदना का वाचन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर "सा विद्या या विमुक्तये" के मूल मंत्र की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे बच्चों में संस्कार, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के मूल्यों का विकास भी करते हैं। ऐसे शिक्षण संस्थान राष्ट्रवाद की भावना का विकास कर विकसित भारत के निर्माण के लिए मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्मार्ट क्लास, 20 कंप्यूटर एवं अन्य शैक्षिक संसाधनों के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये की सहयोग राशि का अनुरोध किया गया। इस पर, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं डिजिटल शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्होंने 11 लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा की। इस पर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं गुरुजनों उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित