जयपुर , फरवरी 03 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण मंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि विधानसभा क्षेत्र शिव में नवीनीकरण की आवश्यकता वाली सड़कों का परीक्षण कराकर तदनुसार निर्णय लिया जाएगा।

श्रीमती दियाकुमारी प्रश्नकाल में विधायक रवीन्द्र सिंह भाटी के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थीं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 15 करोड़ रुपये से सड़कों की मरम्मत एवं नवीनीकरण कराये जाने के तहत शिव विधानसभा क्षेत्र में 17 कार्य प्रस्तावित किये गये थे। इनमें से सात कार्य पूर्ण हो चुके हैं, एवं शेष कार्य प्रगतिरत हैं।

उन्होंने कहा कि सड़कों का नवीनीकरण यातायात घनत्व एवं सड़कों की श्रेणी पर निर्भर करता है। राज्य सड़क नीति 2013 के तहत सड़कों के नवीनीकरण की अवधि तय की गयी है। इसके तहत हल्के यातायात वाली ग्रामीण सड़क आठ वर्ष तक चल सकती है। इस अवधि के पश्चात् यातायात के दबाव के बिना भी सड़क टूटने लगती है। उन्होंने बताया कि शहरी सड़क के नवीनीकरण के लिए चार वर्ष, राज्य राजमार्ग के लिए पांच वर्ष, मुख्य जिला सड़कों के लिए छह वर्ष एवं अन्य जिला सड़कों के लिए आठ वर्ष की अवधि निर्धारित की गयी है।

इससे पहले श्री रभाटी के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बाड़मेर जिले में गत पांच वर्षों में हुए सड़कों के निर्माण कार्य का फर्मवार विवरण सदन के पटल पर रखा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित