मुंबई , मार्च 19 -- मुंबई सीमा शुल्क जोन-III की वायु खुफिया इकाई (एआईयू) के अधिकारियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) से 64.394 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
विभाग की ओर से गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार एआईयू के अधिकारियों ने मंगलवार को उन्नत यात्री सूचना प्रणाली (एपीआईएस) और स्पॉट प्रोफाइलिंग का उपयोग करके जुटाई गई खुफिया जानकारी के आधार परबैंकॉक से आये चार यात्रियों की पहचान की और उन्हें रोका। जांच के दौरान संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी से जुड़े चार मामलों का पता चला। गहन जांच के कारण लगभग 64.394 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ बरामद हुआ, जिसका अनुमानित अवैध बाजार मूल्य 64.394 करोड़ रुपये है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक विदेशी नागरिक है, जो बड़ी मात्रा में गांजा ले जाने के लिए विदेशी नागरिकों को शामिल करने के नए तरीके का संकेत देता है। सभी चार व्यक्तियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 18 मार्च, सीएसएमआईए के हवाई अड्डा कमिश्नरेट ने 244 मामलों में 1,330 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। इस सिलसिले में 286 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित