ऋषिकेश , फरवरी 02 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश शहर के शिवाजी नगर इलाके में महिला की गोली मारकर हत्या की वारदात ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया।
यह घटना 31 जनवरी की रात की है, जब अज्ञात हमलावर ने महिला को गोली मार दी। गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत शिकंजा कसते हुए विशेष टीम का गठन किया। लगातार दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या के आरोपी सुरेश गुप्ता को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला के छुटमलपुर क्षेत्र से रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इसका खुलासा सोमवार सुबह किया है।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान सुरेश गुप्ता (40) के रूप में की है, जो मूल रूप से ग्राम दरगाहपुर, थाना लक्सर, जिला हरिद्वार का रहने वाला है और वर्तमान में आवास विकास कॉलोनी, ऋषिकेश में रह रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे के कारण का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है, हालांकि वारदात के बाद से शिवाजी नगर में खौफ का माहौल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित