शिवहर , अप्रैल 24 -- आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिये शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) सचिव सह न्यायाधीश ललन कुमार रजक के अध्यक्षता में व्यवहार न्यायालय परिसर में पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल बनाना था।

इस अवसर पर सचिव श्री रजक ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के जरिए लंबित वादों का त्वरित निस्तारण कराना हम सबकी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को समय पर नोटिस तामिला करने और पक्षकारों को लोक अदालत के लाभ के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए, जिससे आम लोगों को सुलभ और शीघ्र न्याय मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव सहित जिले के कई थानाध्यक्ष और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने आपसी सहयोग से काम करते हुए आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित