मुंबई , दिसंबर 24 -- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और शिवसेना (ठाकरे गुट) के बीच बुधवार को गठबंधन की आधिकारिक घोषणा करने के तुरंत बाद, मुंबई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे पर निशाना साधा।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने श्री राज ठाकरे के शिवसेना छोड़ने के समय दिए गए भाषण का एक पुराना वीडियो क्लिप साझा किया। वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए श्री साटम ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी के साथ लिखा, "यह वीडियो देखिए, इसका स्पष्ट उद्देश्य राज ठाकरे को शिवसेना नेतृत्व की उनकी पिछली आलोचना की याद दिलाना है।"वीडियो में राज ठाकरे को कहते है, "मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि शिवसेना में खुद को पूरी तरह समर्पित करने के बाद मुझे ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ेगा। मेरा विवाद विट्ठल से कभी नहीं था बल्कि उनके आसपास के पुजारियों से था। फिर भी, उन पुजारियों के माध्यम से मैं अपने नेता का आशीर्वाद लेता रहा।" ये टिप्पणियां कृष्णा कुंज के पास दिए गए भाषण की है और अब भाजपा नेताओं द्वारा इन्हें फिर से व्यापक रूप से प्रसारित किया जा रहा है।
इसी बीच मुंबई भाजपा के पूर्व अध्यक्ष आशीष शेलार ने भी उसी भाषण का उल्लेख करते हुए एक कविता के माध्यम से राज ठाकरे पर निशाना साधा।
अपनी कविता में श्री शेलार ने राज ठाकरे के पहले के आरोपों का उल्लेख किया जिसमें उन्होंने कहा था कि शिवसेना को कुछ क्लर्क और पुजारी नियंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि वही लोग अब उन्हें कैसे स्वीकार्य हैं।
श्री शेलार ने आगे तीखा सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या गठबंधन के सहयोगी अब संयुक्त रूप से नगर निगम के खजाने को लूटेंगे और क्या राज ठाकरे को अपने अतीत के बयानों के बारे में सोचने से कोई डर नहीं लगता। उन्होंने कहा कि मुंबईवासी पूछेंगे कि दोनों नेता पहले अलग क्यों हो गए थे और अचानक ऐसा क्या बदल गया कि अब वे एक-दूसरे को गले लगा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित