भुवनेश्वर , जनवरी 29 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि क्षेत्र में ओडिशा की प्रगति पर खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि राज्य ने केंद्र के पैसे का सही इस्तेमाल किया है।

श्री चौहान ने यह बात एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना' और 'कृषोन्नति योजना' के कार्यान्वयन की समीक्षा के दौरान कही। इसमें सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों ने भाग लिया था।

ओडिशा के उपमुख्यमंत्री और कृषि एवं किसान अधिकारिता मंत्री केवी सिंह देव ने बैठक में राज्य की सफलताओं को साझा करते हुए बताया कि ओडिशा ने कृषि विकास योजना के तहत उपलब्ध धन का 79 प्रतिशत और कृषोन्नति योजना के तहत 80 प्रतिशत हिस्सा पहले ही उपयोग कर लिया है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि अगर शेष राशि जल्द जारी कर दी जाती है, तो राज्य में छह नई महत्वपूर्ण कृषि परियोजनाएं शुरू हो सकती हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना का मुख्य उद्देश्य टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना है, जबकि कृषोन्नति योजना खाद्य सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने पर केंद्रित है।

बैठक के दौरान ओडिशा द्वारा प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण और 'ओडिशा मिलेट्स मिशन' के माध्यम से पोषक अनाजों को बढ़ावा देने जैसी पहलों को 'बेस्ट प्रैक्टिस' के रूप में सराहा गया।इस उच्च स्तरीय बैठक में कृषि विभाग के अपर मुख्य सचिव अरबिंद कुमार पाढ़ी और कृषि निदेशक शुभम सक्सेना भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित