शिवपुरी , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा क्षेत्र में पुलिस ने एक मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितेश उर्फ चीनी (29) निवासी करेरा के रूप में हुई है। उसे उस समय पकड़ा गया जब वह एक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने का प्रयास कर रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ग्वालियर जिले के डाबरा निवासी अपने साथी पिस्ता रावत के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी के बाद वे वाहनों को पास के एक गांव की गौशाला के कमरे में छिपाकर रखते थे और बाद में उन्हें बेच देते थे।
पुलिस ने आरोपी के पास से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपी के फरार साथी की तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित