शिवपुरी , अप्रैल 17 -- देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनापति अमर शहीद तात्या टोपे के बलिदान दिवस पर 18 अप्रैल को शिवपुरी में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया जाएगा और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ऐतिहासिक जानकारी के अनुसार वर्ष 1859 में अंग्रेजी शासन द्वारा तात्या टोपे को शिवपुरी में राजेश्वरी माता मंदिर के समीप फांसी दी गई थी। उस स्थान पर पहले एक छोटा चबूतरा था, जहां लोग श्रद्धांजलि अर्पित करते थे।
आजादी के बाद से प्रतिवर्ष 18 अप्रैल को उनके बलिदान स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाता रहा है, जो समय के साथ बड़े स्वरूप में आयोजित होने लगा। वर्तमान में यहां शासन स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होते हैं, जिनमें श्रद्धांजलि सभा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और कवि सम्मेलन भी शामिल हैं।
शिवपुरी में कलेक्टर कार्यालय के पास तात्या टोपे का संग्रहालय भी स्थापित किया गया है, जिसमें उनके जीवन से जुड़े दस्तावेज, चित्र और अन्य सामग्री संरक्षित है। इसके अलावा बलिदान स्थल पर उनकी विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है और परिसर में एक विकसित पार्क भी बनाया गया है। हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर अमर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके बलिदान को स्मरण करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित