बेंगलुरु , फरवरी 14 -- कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार से शनिवार को कांग्रेस सांसद कार्ति पी. चिदंबरम ने उनके आवास पर मुलाकात की।
श्री शिवकुमार ने इस बैठक को 'सार्थक' बताया और कहा कि इसमें पार्टी की सामूहिक रणनीति को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किये गये अपने संदेश में श्री शिवकुमार ने कहा, "आज मेरे आवास पर सांसद कार्ति पी. चिदंबरम से मुलाकात कर खुशी हुई। वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम और पार्टी के सामूहिक प्रयासों को सशक्त बनाने पर हमारी सार्थक चर्चा हुई। "यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं और कांग्रेस आगामी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए समन्वय को मजबूत करने तथा अपनी स्थिति सुदृढ़ करने के प्रयास तेज कर रही है।
उप मुख्यमंत्री ने हालांकि बैठक के एजेंडे का विस्तृत खुलासा नहीं किया, लेकिन सूत्रों के अनुसार चर्चा में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक घटनाक्रम, संगठनात्मक मुद्दे तथा पार्टी की स्थिति को और मजबूत करने की रणनीतियां शामिल रहीं।
श्री चिंदंबरम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और तमिलनाडु की शिवगंगा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के पुत्र हैंऔर लोक सभा में बहसों तथा पार्टी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
श्री शिवकुमार कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी हैं। पार्टी के राज्य और राष्ट्रीय नेतृत्व के बीच समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से वह हाल के दिनों में कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों से लगातार मुलाकात कर रहे हैं।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि बदलते राजनीतिक समीकरणों और आगामी चुनावी चुनौतियों के मद्देनजर इस प्रकार की बैठकें महत्वपूर्ण हैं, जिनके माध्यम से कांग्रेस नेतृत्व एकजुटता का संदेश देने और अपनी सामूहिक रणनीति को सुदृढ़ करने की कोशिश कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित