अमृतसर , मार्च 06 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) का वार्षिक बजट सत्र 28 मार्च को दोपहर 12 बजे शिरोमणि कमेटी के मुख्य कार्यालय स्थित तेजा सिंह समुद्री हॉल में आयोजित होगा। शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई अंतरिम कमेटी की बैठक में बजट सब-कमेटी की सिफारिशों को स्वीकार करते हुए यह निर्णय लिया गया।

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने बताया कि इस बजट सत्र के दौरान शिरोमणि कमेटी, गुरुद्वारा साहिबान, ट्रस्ट विभाग, जनरल बोर्ड फंड, शैक्षणिक संस्थानों, प्रिंटिंग प्रेसों, धर्म प्रचार कमेटी और सिख इतिहास रिसर्च बोर्ड आदि का वार्षिक बजट पारित किया जाएगा, साथ ही शिरोमणि कमेटी द्वारा भविष्य में किये जाने वाले कार्यों पर विचार-विमर्श होगा।

कमेटी के अन्य फैसलों के बारे में एडवोकेट धामी ने बताया कि बेअदबी (अपवित्रता) के मामलों में सख्त कानून बनाने के लिए समाना में भाई गुरजीत सिंह द्वारा किये जा रहे संघर्ष को कमेटी ने पूर्ण समर्थन दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेअदबी के मामलों में अनुकरणीय सजा के लिए एक अलग और कड़ा कानून बेहद जरूरी है। उन्होंने हाल ही में मध्य प्रदेश के रतलाम में लोक सेवा आयोग की परीक्षा के दौरान एक सिख छात्रा की दस्तार और कृपाण उतरवाये जाने की घटना की कड़ी निंदा की और इसे सिखों के मौलिक अधिकारों पर हमला करार दिया। उन्होंने कहा कि देश के संविधान में धर्म की स्वतंत्रता के जो अधिकार दिये गये हैं, वे परीक्षाओं के समय छीने जा रहे हैं, जो गहरी चिंता का विषय है।

शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष ने बताया कि महान शहीद भाई तारा सिंह वां की 300वीं शहीदी शताब्दी, शिरोमणि कमेटी द्वारा संगत के सहयोग से गांव वां (जिला तरनतारन) में 11 से 14 मार्च 2026 तक पूरे खालसई उत्साह के साथ मनायी जाएगी। ग्यारह मार्च को गुरुद्वारा शहीद भाई तारा सिंह वां से विशाल नगर कीर्तन निकाला जाएगा। 12 मार्च को अमृत संचार समारोह होगा। 13 मार्च को गुरमत समागम जारी रहेंगे और 14 मार्च को मुख्य शताब्दी समारोह होगा, जिसमें सिंह साहिबान, तख्तों के जत्थेदार और पंथ की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।

एक सवाल के जवाब में एडवोकेट धामी ने स्पष्ट किया कि एक चैनल द्वारा शिरोमणि कमेटी पर बकाया राशि होने का गलत प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीटीसी चैनल द्वारा अपना सेटअप लगाकर बिना किसी खर्च के शिरोमणि कमेटी का वेब चैनल चलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिरोमणि कमेटी अपना सेटेलाइट चैनल शुरू करने के लिए भी लगातार कार्य कर रही है।

बैठक के दौरान शिरोमणि कमेटी के सदस्य सरदार अमीर सिंह रसीदां और टेकस्ला टेलीविजन के संस्थापक सरदार राजा सिंह के निधन पर मूल मंत्र और गुरमंत्र का जाप कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित