शिरडी , अक्टूबर 5 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे तथा अजित पवार ने शनिवार देर रात करीब 45 मिनट तक बंद कमरे में बैठक की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बैठक का मुख्य विषय महाराष्ट्र में भारी बारिश से हुये नुकसान और प्रभावित क्षेत्रों के लिए तत्काल राहत उपायों पर चर्चा थी। श्री शाह इस समय महाराष्ट्र के दौरे पर हैं। शिरडी हवाई अड्डे पर श्री फडणवीस और दोनों उप मुख्यमंत्रियों ने उनका स्वागत किया।

यह बैठक शिरडी के होटल सन एंड सैंड में हुयी। बैठक के दौरान, नेताओं ने राज्य भर में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा की और विभिन्न प्रशासनिक मामलों पर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए जल्द ही एक बड़े राहत पैकेज की घोषणा की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित