हरारे , फरवरी 04 -- फैसल शिनोजादा (110 ) और उजैरुल्लाह नियाजई (नाबाद 101) की शानदार शतकीय पारियों के दम पर अफगानिस्तान ने बुधवार को अंडर-19 विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ चार विकेट पर 310 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

आज यहां अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी उस्मान सादत और खालिद अहमदजई की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। 13वें ओवर में दीपेश देवेंद्रन ने खालिद अहमदजई को आउटकर भारत को पहली सफलता दिलाई। अहमदजई ने 39 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 31 रन बनाये।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये फैसल शिनोजादा ने उस्मान सादत के साथ पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की। 25वें ओवर में कनिष्क चौहान ने उस्मान सादत को आउटकर पवेलियन भेज दिया। उस्मान सादत ने 70 गेंदों में तीन चौके लगाते हुए 39 रन बनाये। फैसल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाजई के बीच तीसरे विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी हुई। 46वें ओवर में दीपेश देवेंद्रन ने फैसल शिनोजादा को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। फैसल शिनोजादा ने 93 गेंदों में 15 चौके लगाते हुए 110 रनों की पारी खेली। 49वें ओवर में कनिष्क चौहान ने अजिजुल्लाह मियाखिल (12) को आउट कर अपना दूसरा विकेट लिया।

अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में चार विकेट पर 310 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उजैरुल्लाह नियाजई ने 86 गेंदों में 12 चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 101 रनों की पारी खेली। अब्दुल अजीज सात रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने दो-दो विकेट लिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित