देहरादून , फरवरी, 03 -- उत्तराखंड में विद्यालयी शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों एवं विद्यालयों में बीते लम्बे समय से रिक्त चल रहे 2364 चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के पदों पर भर्ती शुरू कर दी गई है।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने मंगलवार को बताया कि इसके लिये इच्छुक अभ्यर्थियों को कौशल विकास विभाग के रोजगार प्रयाग पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 5 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इन पदों को भरने मे स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जायेगी।

जल्द ही चयनित अभ्यर्थियों को आउटसोर्स के माध्यम से विद्यालयों में तैनाती दी जायेगी। आउटसोर्स के माध्यम से तैनात कार्मिकों को हर महीने 15 हजार रुपए का वेतन मान दिया जाएगा।

इसके लिये विभागीय अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिये गये हैं।

उन्होंने बताया कि रोजगार प्रयाग पोर्टल पर चतुर्थ श्रेणी की जनदवार रिक्तियों को प्रकाशित कर दिया गया है।

जिसमें उत्तरकाशी जनपद में 135 पदों पर आवेदन मांगे गये हैं। इसी प्रकार रूद्रप्रयाग में 106, टिहरी 268, ऊधमसिंह नगर 182, पिथौरागढ़ 197, पौड़ी 340, बागेश्वर 89, अल्मोड़ा 254, चमोली 179, चम्पावत 120, देहरादून 195, हरिद्वार 91 तथा नैनीताल में 208 पदों पर भर्ती की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित