लखनऊ , नवम्बर 02 -- त्तर प्रदेश में होने जा रहे शिक्षक/स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ स्तर पर माइक्रो प्लानिंग के माध्यम से चुनाव प्रबंधन करना होगा, ताकि संख्यात्मक और गुणात्मक दोनों दृष्टियों से परिणाम हमारे अनुकूल हों।"रविवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में शिक्षक/स्नातक एमएलसी चुनाव की समीक्षा बैठक की। बैठक में विगत कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों एवं रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान धर्मपाल सिंह ने शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्रों की क्षेत्रवार समीक्षा करते हुए जिला एवं क्षेत्र संयोजकों तथा सहसंयोजकों से संवाद किया। उन्होंने चुनाव प्रबंधन के लिए "माइक्रो प्लानिंग" को सफलता का मूल मंत्र बताया।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव पूरी तरह प्रबंधन-आधारित है, इसलिए अधिकतम मतदाता बनाना, उनसे सतत सम्पर्क एवं संवाद बनाए रखना और मतदान के दिन अधिकतम मतदान सुनिश्चित करने की रणनीति पर कार्य करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को मतदाता बनाने की जिम्मेदारी सौंपनी होगी तथा विचार परिवार के सहयोग से समन्वित रूप से कार्य करना होगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी योग्यता और क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। छोटे-छोटे लक्ष्य तय कर टीम वर्क से मतदाता निर्माण का कार्य किया जाए।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव हेतु विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में जाकर मतदाता बनाने का कार्य प्राथमिकता पर किया जाए, वहीं स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए घर-घर सम्पर्क अभियान चलाया जाए।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पार्टी आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान, सरदार पटेल 150वीं जयंती समारोह अभियान, वंदे भारत अभियान तथा बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव अभियान के साथ मतदाता पुनरीक्षण अभियान भी चला रही है। सभी अभियानों में सक्रिय सहभागिता के साथ विशेष रूप से मतदाता पुनरीक्षण अभियान में जुटकर शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में सुनिश्चित विजय के लिए लक्षित संख्या में मतदाता बनाए जाने चाहिए।
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री संजय राय ने किया। एमएलसी चुनाव के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री अमर पाल मौर्य ने अब तक के कार्यों का बिंदुवार ब्यौरा प्रस्तुत किया। सहसंयोजक के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह सैनी, त्रयम्बक त्रिपाठी, तथा प्रदेश मंत्री शंकर गिरि और बसंत त्यागी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित