अलवर , जनवरी 15 -- राजस्थान में अलवर जिले के बहादुरपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने शिक्षकों के तबादले के विरोध में गुरुवार को बहादुरपुर सड़क अवरुद्ध किया।
छात्रों ने स्कूल के द्वार पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया। छात्रों का कहना है कि 10 जनवरी को जारी सूची में स्कूल के पांच शिक्षकों का अलग-अलग जिलों में तबादला कर दिया गया, जिससे विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी हो गई है और पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
छात्रों का आरोप है कि जिन शिक्षकों का तबादला हुआ है, उनका व्यवहार छात्रों के प्रति अच्छा था और वे बेहतर ढंग से पढ़ाते थे। ऐसे में उन्हें वापस इसी विद्यालय में लगाया जाए। छात्रों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो दो दिन बाद तिजारा राजमार्ग अवरुद्ध किया जाएगा और मिनी सचिवालय पर धरना दिया जाएगा।
छात्र सुबह करीब साढ़े नौ बजे धरने पर बैठे रहे। सूचना पर तहसीलदार और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने के बाद दो दिन के आश्वासन पर साढ़े 11 बजे धरना समाप्त कराया गया।
छात्र राजकुमार ने बताया कि 10 जनवरी को इतिहास विषय के शिक्षक मोहर सिंह मीणा का झालावाड़, भूगोल के शिक्षक रामफल यादव का बांरा, अंग्रेजी के शिक्षक सत्येंद्र कुमार का झालावाड़, हिंदी की शिक्षिका सुमन गुप्ता और हिंदी साहित्य की शिक्षिका तनु गुप्ता का अलवर जिले के अन्य विद्यालयों में तबादला कर दिया गया है। इससे छात्रों की पढ़ाई पर पूरी तरह से असर पड़ा है। उन्होंने बताया कि 12वीं कक्षा के छात्रों के प्रैक्टिकल भी शुरू हो रहे हैं और पांच विषयों के शिक्षकों के एक साथ तबादले से पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित