फिरोजाबाद , फरवरी 21 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद नगर क्षेत्र में स्थानीय युवती खुशी और जर्मन युवक गुस्ताव की अंतरराष्ट्रीय शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। शुक्रवार को संपन्न हुए मुख्य विवाह समारोह में जर्मनी से आए मेहमानों ने भारतीय रीति-रिवाजों और व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया।
खुशी, जयपुर स्थित एक जर्मन कंपनी में कार्यरत हैं, वहीं उनकी मुलाकात जर्मन निवासी गुस्ताव से हुई। बाद में दोनों के बीच मित्रता प्रेम में बदली और परिजनों की सहमति से विवाह का निर्णय लिया गया। गुस्ताव का परिवार और रिश्तेदार एक सप्ताह पूर्व ही शिकोहाबाद पहुंच गए थे। विवाह की सभी रस्में एटा रोड स्थित जानकी महल गेस्ट हाउस में संपन्न हुईं। दूल्हे ने भारतीय परिधान शेरवानी और साफा पहनकर पारंपरिक अंदाज में विवाह समारोह में भाग लिया। उन्होंने अपने हाथों में पत्नी के नाम की मेहंदी भी रचाई। वहीं दुल्हन खुशी ने पारंपरिक लाल जोड़े में सभी का मन मोह लिया।
विवाह समारोह में भारतीय परंपरा के अनुसार अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए गए। साथ ही जर्मन परंपरा के तहत दूल्हा-दुल्हन ने आरी से लकड़ी काटने की रस्म भी निभाई। जर्मन संस्कृति में यह रस्म दांपत्य जीवन में साझेदारी और कठिन समय में साथ निभाने का प्रतीक मानी जाती है।
विदेशी मेहमानों ने वरमाला, फेरे और विदाई जैसी भारतीय रस्मों को उत्साहपूर्वक देखा और उनमें सहभागिता की। भाषा की सुविधा के लिए चार अनुवादकों की व्यवस्था की गई थी। शादी समारोह में शामिल स्थानीय लोगों के लिए भी यह अनोखा आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा। सभी ने नवदंपत्ति को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित