जम्मू , फरवरी 06 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यहां लोक भवन में खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों के शीर्ष अधिकारियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी मौजूद थे। इससे पहले, श्री शाह ने कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में गुरनाम और बोबिया सीमा चौकियों का दौरा किया और बीएसएफ जवानों को संबोधित भी किया।

श्री शाह इस केंद्र शासित प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वह गुरुवार शाम को यहां पहुंचे थे।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री ने जम्मू क्षेत्र में समग्र सुरक्षा स्थिति और चल रहे आतंकवाद विरोधी उपायों की समीक्षा की। श्री शाह ने सीमा चौकियों पर, 'अजय प्रहरी' स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तैनात कर्मियों के साथ बातचीत की। बीएसएफ जवानों की बहादुरी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस बल ने पूरे देश में, खासकर मणिपुर, पूर्वोत्तर राज्य और ओडिशा और छत्तीसगढ़ के माओवादी प्रभावित क्षेत्र में कर्तव्य के ऊंचे मानकों को लगातार बनाए रखा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित