जगदलपुर, अक्टूबर 01 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगामी बस्तर दौरे की तैयारियों का निरीक्षण किया है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को चार अक्टूबर से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
श्री शर्मा ने सबसे पहले सिरहासार भवन और लालबाग स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल का दौरा किया है।
यहां उन्होंने प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का सूक्ष्मता से जायजा लिया। इसके बाद आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में दौरे से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा भी की है।
बैठक में सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण देव, महापौर संजय पाण्डे सहित कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी.,कलेक्टर हरिस एस. और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की स्थिति से उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
उप मुख्यमंत्री, जिनके पास गृह विभाग का भी प्रभार है, ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे की सभी व्यवस्थाएं बेहतरीन ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और जनसम्पर्क की व्यवस्थाओं पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए। इस महत्वपूर्ण दौरे की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित