हरिद्वार/ऋषिकेश , जनवरी 21 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के बुधवार को उत्तराखंड आगमन को लेकर ऋषिकेश और हरिद्वार में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था में भी व्यापक बदलाव किए गए हैं।

पुलिस और प्रशासनिक अमला हाई अलर्ट पर रखा गया है, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री शाह आज दोपहर विशेष विमान से जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके सड़क मार्ग से ऋषिकेश आगमन के दौरान एयरपोर्ट से स्वर्गाश्रम तक प्रमुख मार्गों पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। इस दौरान आम वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को असुविधा न हो।

ऋषिकेश पहुंचने के बाद गृह मंत्री स्वर्गाश्रम स्थित गीता भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां धार्मिक एवं साहित्यिक गतिविधियों से जुड़े आयोजन प्रस्तावित हैं। इसके बाद वे ऋषिकेश में रात्रि विश्राम करेंगे।

गुरुवार को श्री शाह हरिद्वार प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान पतंजलि क्षेत्र, शांतिकुंज और बैरागी कैंप के आसपास सुरक्षा घेरा कड़ा किया गया है। हरिद्वार शहर में सुबह से दोपहर तक कई स्थानों पर वाहनों के मार्ग बदला जायेगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित