बारां , अप्रैल 28 -- राजस्थान में बारां जिले के शाहाबाद उपखंड में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खटका में पदस्थ प्रधानाचार्य भंवरलाल शर्मा को गंभीर अनियमितताओं के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि निदेशक, माध्यमिक शिक्षा की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से की गई है।

सूत्रों ने बताया कि जांच में सामने आया कि शर्मा ने विद्यालय के कार्मिकों पर दबाव बनाकर सरकारी रिकॉर्ड अपने निजी निवास, श्रीगंगानगर मंगवाया और वहीं उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करवाए। इतना ही नहीं, आदेश पंजिका में भी नियमों के विपरीत आदेश जारी किए गए। विभाग ने इसे सेवा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना है। इसके अलावा बिना सक्षम स्वीकृति के फर्जी यात्राएं दर्शाने, विद्यालय स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप भी सामने आए हैं।

विभागीय सूत्रों ने बताया कि आरोप है कि शर्मा ने मनमाने तरीके से विद्यालय में कार्यरत सात कार्मिकों को एपीओ करके कार्यमुक्त कर दिया, जो नियमों के विपरीत है।

शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्थान असैनिक सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13 (1) के तहत निलंबन आदेश जारी किया है। साथ ही, शर्मा के खिलाफ विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है, जिसमें सभी आरोपों की विस्तृत पड़ताल की जाएगी। निलंबन अवधि के दौरान भंवरलाल शर्मा का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय), माध्यमिक, झालावाड़ निर्धारित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित