भीलवाड़ा , फरवरी 28 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा उपखंड मुख्यालय को पुनः जिला घोषित करने की मांग को लेकर शनिवार को 'शाहपुरा जिला बहाल करो' संघर्ष समिति के आह्वान पर समूचा कस्बा बंद रहा।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष एडवोकेट दुर्गालाल राजौरा ने बताया कि बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान और निजी शिक्षण संस्थान पूरी तरह बंद रहे। इस आंदोलन को अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न स्थानीय संगठनों का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ।
श्री राजौरा ने बताया कि नौ महीने पहले जयपुर में सरकार के साथ हुई वार्ता में शाहपुरा को पुनः जिला बनाने का सकारात्मक आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी वादाखिलाफी के विरोध में शनिवार को 'काला दिवस' मनाया गया।
इसको लेकर महलों के चौक स्थित बालाजी की छतरी से एक विशाल वाहन रैली निकाली गयी, जो नारेबाजी करते हुए उपखंड कार्यालय पहुंची। वहां मुख्यमंत्री के नाम नौवां स्मरण पत्र सौंपकर मांग दोहरायी गयी।
समिति के महासचिव एडवोकेट कमलेश मुंडेतिया ने बताया कि 28 दिसंबर 2024 को शाहपुरा का जिला दर्जा समाप्त किए जाने के बाद से ही जनता में भारी रोष है। तब से प्रत्येक महीने की 28 तारीख को विरोध स्वरूप काला दिवस मनाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित