शाहजहांपुर , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में 'ऑपरेशन दहन' के तहत 74 मामलों में बरामद 639 किलोग्राम मादक पदार्थों को वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से नष्ट किया गया। इनकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 30 करोड़ 20 लाख 81 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने गुरुवार को बताया कि जिले के विभिन्न थानों द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए गए अभियान के दौरान जब्त मादक पदार्थों को थाना कटरा क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नष्ट किया गया। उन्होंने बताया कि कुल 639.290 किलोग्राम नशीले पदार्थों को विधिवत प्रक्रिया के तहत जलाकर समाप्त किया गया। नष्ट किए गए पदार्थों में गांजा, डोडा, अफीम, चरस, स्मैक तथा नशीली गोलियां शामिल थीं।
पुलिस के अनुसार, पूरी कार्रवाई का विधिवत अभिलेखीकरण किया गया, जिससे पारदर्शिता एवं कानूनी प्रक्रिया का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जा सके। अभियान के दौरान संबंधित अधिकारी और विभागीय टीमें मौजूद रहीं।
श्री दीक्षित ने कहा कि इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशा समाज और युवाओं को विनाश की ओर ले जाता है तथा इससे मुक्ति दिलाना पुलिस की जिम्मेदारी है। साथ ही जनता से अपील की गई कि नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित