शाहजहांपुर , जनवरी 30 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना पुवायां क्षेत्र में युवक की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी और प्रेमी भांजे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने शुक्रवार को बताया कि थाना पुवायां क्षेत्र के भटपुरा चिंटू गांव में रहने वाले बलराम (30) का खून से लथपथ शव गुरुवार को उसके घर में चारपाई पर मिला था जिसकी धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के भाई राजू ने थाना पुवायां में रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसमें कहा था कि उसकी भाभी पूजा का उसके भांजे आदेश से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतक के भाई ने अंदेशा व्यक्त किया था कि इस हत्या में उसके भांजे तथा उसकी भाभी का हाथ है।

द्विवेदी ने बताया कि पुवायां पुलिस ने घटनास्थल से ही आरोपी महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया जिसने पूछताछ में बताया कि उसका प्रेम प्रसंग उसके भांजे आदेश से चल रहा था। घटना की रात में आदेश आया था और उसने अपने मामा के पैर पकड़ लिए जबकि वह पति के सीने पर बैठ गई और हंसिया से उसका गला काट दिया।

पुलिस के मुताबिक बुधवार रात में यह हत्याकांड करने के बाद मृतक की पत्नी तथा उसके बच्चे कमरे में ही मौजूद रहे। सुबह जब भाई ने मजदूरी पर जाने के लिए भाई का दरवाजा खटखटाया तब मृतक की पत्नी ने रोते हुए दरवाजा खोला। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी पूजा (25) तथा आदेश भांजा (22) को गिरफ्तार कर लिया है जिसे आज जेल भेजा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित