शाहजहांपुर , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के मदनापुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने ओवरटेक करते समय एक कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रियांक जैन ने रविवार को बताया कि मदनापुर थाने में तैनात कांस्टेबल हरेंद्र मलिक, सुनील कुमार और नितिन कुमार देर रात कार से कटरा-बरेली हाईवे स्थित एक ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान केले से लदी तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने ओवरटेक करते समय उनकी कार में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। उन्होंने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं, लेकिन बेहतर उपचार के लिए दो कांस्टेबलों को बरेली के अस्पताल रेफर किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित