शाहजहांपुर , मई 01 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना अल्लाहगंज क्षेत्र में शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने जा रहे यात्री बस और तेल टैंकर की टक्कर में 13 यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को फर्रुखाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी जलालाबाद (सीओ) अजय कुमार राय ने शुक्रवार को बताया कि थाना अल्लाहगंज क्षेत्र में राधा स्वामी सत्संग आश्रम के सामने हरदोई से फर्रुखाबाद जा रही निजी बस को तेल के टैंकर ने साइड से टक्कर मार दी जिससे बस का संतुलन बिगड़ जाने के कारण बस पलट गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला। बस में कुल 30 यात्री सवार थी जिसमें घायल 13 यात्रियों को अल्लाहगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल छह लोगो को फर्रुखाबाद के राममनोहर लोहिया अस्पताल में रेफर किया है। अन्य सात यात्रियों का प्राथमिक उपचार कर दूसरे वाहन से उनके घर भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बस का निजी बस का चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तेल टैंकर और बस को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित