शाहजहांपुर , मई 05 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में घर से स्कूल जाते समय गुमशुदा हुए पांच बच्चों को पुलिस टीम ने मात्र दो घण्टे के अन्दर सकुशल बरामद कर लिया ।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर पंकज पन्त ने मंगलवार को बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र के काशीराम कालोनी निवासी दो बेटियाँ उम्र करीब 10 वर्ष, 06 वर्ष व पडोस के अन्य 03 बच्चे उम्र करीब 10 वर्ष, 08 वर्ष, 12 वर्ष घर से पढने के लिए स्वामी विवेकानन्द विद्यालय, अजीजगंज जाने को निकले थे मगर स्कूल नहीं पहुंचे। इस सम्बंध में उनके परिजनों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर धारा 137(2) बी.एन.एस. पंजीकृत किया गया ।

उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस की दो पुलिस टीमों द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी अभियान के दौरान उपरोक्त सभी बच्चे काशीराम पार्क, चौकी अजीजगंज में पेड़ के नीचे बैठे मिले जिनको सकुशल बरामद किया गया। बच्चों की बरामदी के आधार पर आवश्यक अग्रिम विधिक कार्यवाही कर सभी बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर घर भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित