शाहजहांपुर , फरवरी 03 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक सिविल इंजीनियर का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तराखंड के ऋषिकेश (यमुनानगर) निवासी गौरव सक्सेना (47) के रूप में हुई है।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने बताया कि गौरव सक्सेना 1 फरवरी को शहर के स्वागत होटल में कमरा नंबर 107 लेकर ठहरे थे। मंगलवार सुबह होटल कर्मचारी नाश्ता पूछने पहुंचा तो दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा खोलने पर वह कुर्सी पर मृत अवस्था में बैठे मिले। उनकी नाक से हल्का रक्तस्राव हो रहा था और कमरे में उल्टी के निशान भी मिले।

पुलिस के अनुसार मृतक की ससुराल शाहजहांपुर में है। कमरे से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मौत के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित